उत्तराखंड क्रांति दल आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में सभी 70 सीटों पर लड़ेगा चुनाव, ‘एक बूथ, दस युवा’ नारे के साथ दिया जा रहा धार

अल्मोड़ा: आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने सक्रियता तेज कर दी है. यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने बड़ा ऐलान किया कि पार्टी राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी. उन्होंने कहा कि यूकेडी उत्तराखंड के मूल मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी.उ

त्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों की नीतियां उत्तराखंड के हितों के खिलाफ रही हैं. उत्तराखंड राज्य का निर्माण जिन सपनों और उद्देश्यों के साथ हुआ था, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस ने बारी-बारी से सत्ता में आकर उन सपनों को तोड़ने का काम किया है.बीजेपी-कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप: उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को माफियाओं के हवाले कर दिया गया है. जबकि, आम जनता आज भी मूल निवास, सशक्त भू-कानून और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने जैसे मुद्दों पर न्याय की प्रतीक्षा कर रही है.कुकरेती ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पलायन जैसे मूलभूत मुद्दों पर सरकारें पूरी तरह विफल साबित हुई हैं. पहाड़ से लगातार हो रहे पलायन ने गांवों को खाली कर दिया है, लेकिन सरकार के पास इसे रोकने के लिए कोई ठोस नीति नहीं है. युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, भर्ती परीक्षाओं में नकल और घोटालों से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है.उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, बेरोजगार आंदोलन और भर्ती परीक्षाओं में हुए घोटालों जैसे मामलों में उत्तराखंड क्रांति दल लगातार सड़क पर उतरकर जनता के साथ खड़ा रहा है. यूकेडी ने हर मंच से पीड़ितों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ी है.

‘एक बूथ, दस युवा’ के नारे के साथ संगठन को दी जा रही मजबूती: केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने बताया कि पार्टी ‘एक बूथ, दस युवा’ के नारे के साथ संगठन को मजबूत कर रही है. युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने का अभियान तेज किया गया है. पार्टी को युवा एवं महिला शक्ति का भरपूर समर्थन मिल रहा है.उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में यूकेडी मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी और राज्य में सरकार बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगी. इस मौके पर उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेश त्रिपाठी, युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी हरीश गोस्वामी समेत केंद्र और जिले के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

यूकेडी को जानिए: बता दें कि ‘उत्तराखंड क्रांति दल’ (UKD) उत्तराखंड का एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल है. जिसने राज्य बनने के बाद साल 2002 के विधानसभा चुनाव में 4 सीटें जीतीं थी. जबकि, साल 2007 में 3 सीटें ही मिल पाई, लेकिन साल 2022 के विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *