हिमगरि न्यूज़ देहरादून :  भले ही दून में गैस एजेंसियों में बैकलॉग कम होने का दावा किया जा रहा हो लेकिन उपभोक्ताओं को मांग के सापेक्ष गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। गैस एजेंसियों में सिलेंडरों की आपूर्ति से 50 फीसदी अधिक बुकिंग हो रही है। रविवार को अवकाश के कारण प्लांट से हिमानी गैस एजेंसी में सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो सकी।

दून जिले में गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गाड़ी पटरी पर नहीं लौट सकी है। उपभोक्ताओं को मांग के सापेक्ष सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। खासकर शादी वाले घरों, जन्मदिन, एनीवर्सरी की पार्टियों के लिए गैस सिलेंडर मिलने में मारामारी हो रही है। हालात यह है कि 14 और 15 अप्रैल को लोगों के घरों में शादी है लेकिन गैस संकट बना है। सोमवार को दूल्हा-दूल्हन के बहन-भाई और रिश्तेदार गैस एजेंसियों में सिलेंडर के लिए पहुंचे थे लेकिन कुछ जगह ही उन्हें सिलेंडर मिल सके। डालनवाला स्थित हिमानी गैस एजेंसी में सुबह सिलेंडर लेने के लिए लोग पहुंचे। कोई केवाईसी के लिए आया था तो कोई सिलेंडर की मैनुअल बुकिंग के लिए एजेंसी पहुंचा था। हिमानी गैस एजेंसी के प्रबंधक अनिल कुमार रतूड़ी ने बताया अब एक हफ्ते का बैकलॉग चल रहा है

बुकिंग लगभग नौ सौ सिलेंडर की हो रही

गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की बुकिंग अधिक हो रही है जबकि सिलेंडर की आवक कम है। सहस्रधारा रोड स्थित अरविंद गैस एजेंसी के कर्मचारी ने बताया कि उनकी एजेंसी में प्रतिदिन चार सौ सिलेंडर आते हैं। वहीं बुकिंग लगभग नौ सौ सिलेंडर की हो जाती है। गैस संकट के समय जो लोगों ने पैनिक बुकिंग कराई थी उस वजह से बुकिंग की संख्या ज्यादा है। इसी वजह से सिलेंडर देने में देरी हो रही है। धीरे-धीरे समस्या भी कम हो रही है।

चारधाम के गैस कोटे को केंद्र की हामी

देहरादून। चारधाम यात्रा में अतिरिक्त कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के लिए राज्य को केंद्र सरकार की हामी का इंतजार है। सोमवार को खाद्य सचिव आनंद स्वरूप ने हिन्दुस्तान को बताया हिन्दुस्तान कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को पिछले वर्ष के समान ही इस वर्ष भी गैस सिलेंडर की आपूर्ति बहाल रखने का अनुरोध किया है। इसक लिए मुख्य सचिव की ओर से केंद्र को पत्र भेजा गया है। पर्यटन विभाग और तेल कंपनियों की रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल चार धाम यात्रा के आठ महीनों में इस रूट पर नौ लाख 67 हजार 949 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति हुई थी। चारधाम यात्रा के शुरू होने में अब महज पांच दिन का वक्त ही बाकी है। खाद्य सचिव ने बताया कि हाल में हुई बैठक में सामने आया था कि पिछले साल यात्रा काल में 9.67 लाख से ज्यादा कॉमर्शियल सिलेंडर का उपयोग हुआ ।