हिमगिरी न्यूज़ (खबर सच है)—-  राजपुर थानाध्यक्ष शैंकी कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में वह मंगलवार देर रात नशे में धुत्त हालत में दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने नशे की हालत में कार चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कई गाड़ियों को टक्कर, लोगों ने जताया विरोध
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थानाध्यक्ष ने शराब के नशे में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मारी। इस घटना के बाद लोग भारी आक्रोश में आ गए और मौके पर हंगामा किया। जब कुछ पुलिसकर्मी थानाध्यक्ष को बचाने पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उन पर भी नाराज़गी जताई।
SSP ने दिखाए सख्त तेवर
जैसे ही घटना का वीडियो वायरल हुआ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और थानाध्यक्ष शैंकी कुमार को निलंबित कर दिया। देर रात उन्हें मेडिकल जांच के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
 मुकदमा दर्ज, जांच के आदेश
गंभीरता को देखते हुए SSP अजय सिंह ने राजपुर थाने में ही आरोपी थानाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। साथ ही, प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश भी जारी किए। SSP ने एसपी सिटी देहरादून को पूरे मामले की गहन जांच करने, मेडिकल रिपोर्ट, CCTV फुटेज और वीडियोग्राफी सहित सभी सबूत सुरक्षित करने के निर्देश दिए।
नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति
घटना के बाद उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल को नए थानाध्यक्ष राजपुर के रूप में नियुक्त किया गया है। SSP ने साफ कहा है कि जो भी पुलिसकर्मी इस मामले में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *