हिमगिरि न्यूज़ (खबर सच हैं)–कांवड़ यात्रा के तहत हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे देहरादून के पांच नाबालिगों की बाइक भानियावाला फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकरा गई। पांचों एक ही बाइक पर सवार थे। इस हादसे में दो की मौत हो गई। दो की हालत गंभीर है। पांचवें को सामान्य चोट आई। लेकिन, इस घटनाक्रम ने कांवड़ रूट पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इंस्पेक्टर-डोईवाला केके लुंठी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे भानियावाला फ्लाईओवर पर सड़क हादसे की सूचना मिली। थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि एक बाइक पर सवार पांच नाबालिग हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे थे। फ्लाईओवर पर उनकी बाइक बेकाबू हुई और डिवाइडर से टकरा गई। पांचों घायलों को एंबुलेंस से डोईवालास्थित सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। पर, वहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। एक को सामान्य उपचार के बाद घर भेज छुट्टी दी गई। जबकि, दो नाबालिग को गंभीर घायल होने पर उपचार के लिए दून अस्पताल भिजवाया गया। बाइक घायल शिवा के परिवार की बताई जा रही है। वहीं, जानकारी के मुताबिक, नाबालिग अपने घरों में सूचना दिए बिना बाइक लेकर चले गए थे। पुलिस के मुताबिक, पांचों नाबालिग देहरादून के सामान्य परिवार से हैं।
मृतकों की सूची
मिथिलेश (उम्र 12 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सनोज कुमार निवासी राजीवनगर रायपुर देहरादून
सदान (उम्र 14 वर्ष) पुत्र शादाब निवासी रिंग रोड अपर आदर्श कॉलोनी रायपुर, देहरादून
घायल कांवड़िए
सत्रह वर्षीय शिवा पुत्र राजू निवासी अपर आदर्श कॉलोनी थाना रायपुर देहरादून (दून अस्पताल में भर्ती)
पंद्रह वर्षीय विकास पुत्र जय बली महतो निवासी अपर आदर्श कॉलोनी (दून अस्पताल में भर्ती)
तेरह वर्षीय सुमित पुत्र जसपाल राणा निवासी छह नंबर पुलिया आदर्श कॉलोनी (सामान्य चोट, सीएचसी डोईवाला में उपचार
इधर ऋषिकेश में एसएसपी ने संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
कांवड़ यात्रा के तहत सोमवार को ऋषिकेश में सड़कों पर अत्यधिक दबाव पर एसएसपी अजय सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने हरिद्वार-दून हाईवे स्थित श्यामपुर फाटक पर यातायात का संचालन किया। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने पर वह कांवड़ियों के वाहनों को नियंत्रित भी करते दिखे। फाटक बंद होने पर एक बाइक सवार कांवड़िया एसएसपी को अचेत होता दिखा। फौरन उन्होंने कांवड़िये को नींबू पानी उपलब्ध कराया। इसके बाद एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल भी भेजा। वहीं, फूल-मालाएं पहनाकर कांवड़ियों का स्वागत भी किया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

