हिमगिरि news.com (खबर सच हैं)—-अपनी बेटी के गैर बिरादरी के युवक से प्यार करने से नाराज पिता ने शनिवार रात उसे गंगनहर में फेंककर मार डाला। इस दौरान वहां से गुजर रहे कांवड़ियों ने यह देख आरोपी को पीट दिया और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल लिया। उस के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने देर रात ही गंगनहर से
युवती का शव बरामद कर लिया।
गैर बिरादरी के युवक से प्यार करने से नाराज था पिता पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान 50 वर्षीय प्रदीप धीमान निवासी ढालूवाला,थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई। प्रदीप ने बताया कि उसकी 18 वर्षीय बेटी – प्राची गैर बिरादरी के युवक से प्रेम करती थी। उस लड़के से रिश्ता खत्म करने को लेकर कई बार समझाया पर बेटी नहीं मानी। आरोपी ने बताया कि प्राची को युवक से दूर करने के लिए वह एक हफ्ते पूर्व उसे रुड़की के एक आश्रम में ले आया था। इसके बाद भी प्राची ने युवक से संपर्क जारी रखा। हताश होकर प्रदीप शनिवार रात प्राची को आश्रम से बाइक पर मंगलौर लाया। यहां उसने एक बार फिर बेटी को समझाने की कोशिश की लेकिन प्राची ने इरादा नहीं बदला। इससे गुस्सा होकर उसने नए गंगनहर पुल से प्राची को गंगनहर में धक्का दे दिया।

देर रात सूचना मिली कि एक अधेड़ ने एक युवती को गंगनहर में फेंक दिया है। पुलिस मौके पर पहुंची। यहां सूचना देने वाले व्यक्ति के अलावा तीन कांवड़ियों ने अधेड़ को पकड़ रखा था। उसे पुलिस को सौंपते हुए कांवड़ियों ने बताया कि उसने एक युवती को गंगनहर में फेंका है। आरोपी, उस युवती को अपनी बेटी बता रहा है। पुलिस ने युवती की तलाश में रात को ही अभियान शुरू कराया और आरोपी को कोतवाली ले आई। यहां पूछताछ में आरोपी ने पूरी घटना का खुलासा किया।
मंगलौर कोतवाली के प्रभारी एसके गंगवार ने बताया कि जल पुलिस की मदद से देर रात मोहम्मदपुर झाल से युवती का शव बरामद कर लिया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपी की बाइक भी मौके से बरामद हो गई थी। आरोपी प्रदीप के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चश्मदीद कांवड़ियों ने भी अपने बयान दर्ज करा दिए हैं।