हिमगिरि न्यूज देहरादून—:  प्रदेश में सोमवार से बीएलओ घर-घर एसआईआर के गणना फार्म लेकर पहुंचेंगे। अगर कोई मतदाता घर पर नहीं होगा तो तीन बार बीएलओ उनके घर जाएंगे। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई करेंगे।

शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोग की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार बीएलओ का तीन चरणों में प्रशिक्षण, गणना फार्मों की शत प्रतिशत प्रिंटिंग पूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आठ जून से सात जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म का वितरण एवं संकलन करेंगे। इसी एक माह के दौरान मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएओ ऐप के माध्यम से डिजिटलाइज कर अपलोड किया जाएगा। इस दौरान कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं है तो बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर तक सभी नोटिस जारी कर दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

एप से भी डाउनलोड कर सकते हैं गणना प्रपत्र

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. जोगदंडे ने बताया कि प्रदेश में 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। इसे भरकर अपलोड कर सकते हैं। इस प्रकिया के दौरान अगर कोई भी पात्र व्यक्ति, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं तो वे अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकते हैं। जिसके बाद दावे आपत्तियों के निस्तारण के समय उनके फार्मों पर विचार किया जाएगा।

एक क्लिक पर आएगा फोन

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए बुक ए कॉल विद बीएलओ की सुविधा दी है। मतदाता वेबसाइट voters.eci.gov.in या ECI-NET मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं। कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएल ओ उनसे खुद सम्पर्क करेंगे ।

राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग की अपील :जोगदंडे

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी दलों से शत प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अपील की। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 11,733 पोलिंग बूथ के सापेक्ष वर्तमान में प्रदेश में राजनीतिक दलों की ओर से 22,823 बीएलए की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने दलों से इस अभियान में सहयोग की अपील की। इस मौके पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी समेत भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सीपीआई एम के प्रतिनिधि मौजूद रहे।