हिमगिरी न्यूज़ अल्मोड़ा: दन्या थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने लड़की की अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाई थी. जिसे वो वायरल करने की बात कह रहा था. इसके अलावा आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी. ऐसे में मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेकर विशेष टीम गठित की, जिसके बाद आरोपी को दबोच लिया गया.
नाबालिग लड़की का दुष्कर्म कर बनाए अश्लील वीडियो: पुलिस के मुताबिक, बीती 12 फरवरी को दन्या थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में एक तहरीर दी थी. जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ सुहैल नाम के युवक ने दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं उसने आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी.
आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में दर्ज किया गया मुकदमा: वहीं, तहरीर के आधार पर दन्या थाने में आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (2) (M) और 351 (3) के साथ ही पॉक्सो अधिनियम की धारा 5 (1)/6 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम ने दी दबिश: अपर पुलिस अधीक्षक हरवंश सिंह और क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में दन्या थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी और संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए.

चापड़ बैंड के पास से आरोपी सुहैल गिरफ्तार: इसी कड़ी में आरोपी सुहैल को चापड़ बैंड के पास सड़क से जंगल की ओर जाते समय गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है. पुलिस की मानें तो आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया जाएगा. साथ ही कहा कि किसी अपराध में शामिल आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
गिरफ्तार आरोपी का नाम-
- सुहैल पुत्र मोहम्मद युनुस, निवासी- ग्राम बुढ़ानपुर, थाना भगतपुर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)
पुलिस ने की ये अपील: वहीं, पुलिस का कहना है कि पीड़िता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार का अपराध सामने आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें. ताकि, समय रहते मामले में कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके.

