वीआइपी का पता लगाने उत्तराखंड पहुंची सीबीआइ की टीम, दून व ऋषिकेश में जांच

हिमगिरी न्यूज़ देहरादूनः अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में सेंट्रल ब्यूरो आफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआइ) की दिल्ली स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा-2) ने दिल्ली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीबीआइ की टीम देहरादून और ऋषिकेश पहुंच चुकी है। यहां प्रकरण से जुड़े साक्ष्य एकत्र करने के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।

आपके आस पास क़ी हर जरूरी खबर अब हिमगिरी न्यूज़ पर

सितंबर 2022 में वनंतरा रिसार्ट, ऋषिकेश में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम कर रही अंकिता भंडारी की रिसार्ट के मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता ने हत्या कर दी थी। अंकिता का शव 24 सितंबर को चीला नहर से बरामद किया गया था। इन तीनों को अंकिता की हत्या और अन्य गंभीर आरोपों में आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।

मामला तब सुर्खियों में आया जब इंटरनेट मीडिया पर हरिद्वार की ज्वालापुर सीट से पूर्व भाजपा विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर की ओर से प्रसारित आडियो और वीडियो में एक वीआइपी का नाम लिया गया। जिसके बाद राज्य में बड़े स्तर पर आंदोलन किए गए और कहा गया कि हत्याकांड से वीआइपी का संबंध है। साथ ही आरोप लगाए गए कि अंकिता से उसके लिए विशेष सेवाएं प्रदान करने का दबाव बनाया गया था। प्रसारित वीडियो और बढ़ते राजनीतिक व सामाजिक दबाव के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने नौ जनवरी 2026 को सीबीआइ जांच की सिफारिश की थी। इसी क्रम में सीबीआइ की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने अब इस ‘वीआइपी’ कथित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और गहराई से जांच शुरू की है।बताया जा रहा है कि सीबीआइ की जांच में अब डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग/संपर्क विवरण, वायरल आडियो-वीडियो, गवाह बयान व अन्य दस्तावेज़ी सबूतों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी

साक्ष्य एकत्र करने के साथ ही संबंधित लोगों से की जाएगी पूछताछ

अंकिता भंडारी का शव 24 सितंबर 2022 को चीला नहर से बरामद किया गया था