होटल मालिक के घर हुई लूट का खुलासा, पूर्व ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड, साले के साथ अरेस्ट
देहरादून में होटल कारोबारी के घर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में जीजा-साले समेत तीन लोगों गिरफ्तार हुए है.

हिमगिरी न्यूज़ देहरादून: राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पुलिस को लूट का शत प्रतिशत माल बरामद हुआ है.
पुलिस के अनुसार लूट का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित महिला का पूर्व ड्राइवर ही निकला. उसी ने अपने साले और अन्य दोस्त के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था.पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटी गई आठ रुपए की ज्वैलरी और डेढ लाख से अधिक रुपए की नगदी बरामद हुई. पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले पीड़ित के घर में ड्राइवर का काम करता था, लेकिन कोरोना के दौरान नौकरी से हटा दिया था.
पुलिस ने बताया कि पीड़ित भुवन गांधी की बुजुर्ग मां गुरुद्वारे जाने के लिए कभी-कभी आरोपी को बुलाती थी. तभी आरोपी को बुजुर्ग महिला के घर पर अकेले होने की जानकारी मिली. साथ ही आरोपी का पता था कि घर पर कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा है. इसीलिए उसने बुजुर्ग महिला को अकेले देखकर घर में लूट का प्लान बनाया.पुलिस ने बताया कि 18 जनवरी सुबह थाना राजपुर पुलिस को सूचना मिली कि सांकिया हॉस्पिटल के पास भुवन गांधी के आवास पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी माता को डराते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भुवन गांधी की बुजुर्ग मां से मामले की जानकारी ली.

भुवन गांधी की मां ने बताया कि उनका बेटा 16 जनवरी को अपने परिवार को छोड़ने दिल्ली गया हुआ था. इस दौरान 17 जनवरी की रात में दो अज्ञात व्यक्ति उनके कमरे के दरवाजे को खोलते हुए उसमें दाखिल हुए और उन्हें डरा धमकाकर कमरे में रखी अलमारी में से ज्वेलरी और नगदी लूट ली. साथ ही उनका मोबाइल भी लेकर फरार हो गए.
पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग महिला के बेटे भुवन गांधी की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. भुवन गांधी का देहरादून में नामी होटल है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था. गठित टीमों ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों से संदिग्धों के सम्बन्ध में जानकारियां निकाली. इसके बाद मुखबिर की सूचना पर मालदेवता रोड से पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों शफात अली, नदीम उर्फ गुड्डू और इश्तियाक उर्फ कुले को गिरफ्तार किया. पुलिस को आरोपियों के कब्जे से लूट की ज्वैलरी, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है.

थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि आरोपी शफात अली ने 16 जनवरी को पीड़ित के नौकर को फोन किया था और माता जी के गुरुद्वारे जाने के बारे में पूछा था, जिस पर नौकर ने बताया था कि उनके बेटे दिल्ली गए हुए है, इसीलिए वो आज गुरुद्वारा नहीं गई.
बुजुर्ग महिला के अकेले होने की जानकारी मिलने पर आरोपी शफात अली ने घर में लूट की योजना बनाई. 17 जनवरी की रात आरोपी अपने साले नदीम और अपने एक अन्य रिश्तेदार इश्तियाक के साथ रात करीब 10 बजे नदीम की कार से पीड़ित के घर के पास पहुंचा, जहां नदीम ने दोनों को घर की पिछली तरफ उतार दिया और कार को सांई मन्दिर के पास सुनसान जगह पर छिपाकर खड़ा कर दिया. ताकि कोई उन पर शक न करे और बाद में पैदल-पैदल दोनों आरोपियों के पास पहुंचा.
तीनो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर दीवार के पुश्ते पर चढ़कर घर में दाखिल हुए. आरोपी अकसर पीड़ित के घर पर आया जाया करता था. आरोपी को पहले से ही पता था कि घर में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है. पुलिस के अनुसार आरोपी की नजर एक खिड़की पर पड़ी, जिसे वेंटिलेशन के लिए खुला छोड़ा गया था. आरोपी उसी खिड़की से पीड़ित के घर में घुसे.इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को डरा धमका कर घर से ज्वैलरी और नगदी लूट ली. घटना के बाद तीनों आरोपी अपने अपने किराए के कमरे में चले गये, जहां से तीनों आरोपी आज वापस अपने घरों को भगाने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
हिमगिरी न्यूज़ देखने ओर पढ़ने के लिये धन्यवाद
