हिमगिरि न्यूज उत्तराखण्ड —   के चमोली जिले की बदरीनाथ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ वरिष्ठ विधायक अपनी ही सरकार से नाराज चल रहे हैं. कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने यहां तक दावा किया है कि गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान जब वो अपने कमरे से बाहर निकलकर विधानसभा सत्र में शामिल होने जा रहे थे, तभी भाजपा के 8 से 9 विधायक उनसे मिलने आये.विधायक लखपत बुटोला के मुताबिक बीजेपी के उन 8 से 9 विधायकों ने उन्हें यह कहा था कि उनकी सरकार सोई हुई है. इसलिए सरकार के खिलाफ कुछ बोलिए. तब मैंने कहा कि हम तो लगातार सरकार के विरुद्ध बोलते ही आ रहे हैं. बुटोला ने कहा कि उन विधायकों से मैंने कि सत्ता पक्ष के लैंसडाउन, टिहरी, थराली, रूद्रप्रयाग और केदारनाथ विधायकों के हाल तो सबने देखे होंगे, इन सत्ता पक्ष के विधायकों की बात नहीं सुनी जा रही है. यहां तक कि उनके फोन तक नहीं उठाये जा रहे हैं.

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्ता पक्ष या विपक्ष के विधायकों का फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझते थे. यहां तक की कांग्रेस पार्टी के सबसे सीनियर विधायक को भी दो बार उनके खिलाफ धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा था. यही हाल सभी विधायकों के हैं.
-लखपत बुटोला, कांग्रेस विधायक, बदरीनाथ सीट

लखपत बुटोला ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये सरकार किसी की भी नहीं सुन रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त है. जनता के हितों के लिए पूरी निष्ठा व ईमानदारी से काम करने वाले विधायकों की कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है.

मेरा यह आरोप बिल्कुल नहीं है कि मेरे काम नहीं हो रहे हैं, बल्कि सरकार को हमारे काम तो करने पड़ेंगे, लेकिन सवाल यह उठता है कि सरकार से सत्ता पक्ष के विधायक ही परेशान चल रहे हैं.
-लखपत बुटोला, कांग्रेस विधायक, बदरीनाथ सीट-